*आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने तथा पुलिस व आम नागरिकों के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को सुदृढ़ करने हेतु पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जिलेभर में मोहल्ला/गॉव में चौपाल आयोजित

*अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी/एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों द्वारा आमजन से किया गया संवाद*
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के आदेशानुसार दिनंाक 22-4-26 की शाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री आयुष गुप्ता (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध श्री जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात सुश्री अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री सूर्यकांत शर्मा एवं समस्त सीएसपी/एसडीओपी द्व़ारा अपने अपने अनुभाग के थाना क्षेत्र में तथा थाना प्रभारियों द्वारा अपने अपने थाना क्ष़्ोत्र में आमजन की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने, पुलिस व आम नागरिकों के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को सुदृढ़ करने हेतु अपने-अपने थाना क्षेत्र शहर में मोहल्लों में तथा ग्रामीण क्षेत्र में गॉव में चौपाल लगाकर आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित किया गया।
चौपाल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं तथा प्राप्त शिकायतों के निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों को कानून-व्यवस्था, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, नशा उन्मूलन, यातायात नियमों के पालन एवं सामुदायिक सहयोग के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
चौपाल के दौरान आमजन को विशेष रूप से डिजिटल धोखाधड़ी, सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अपराधिक घटना या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने से समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकती है।
चौपाल में उपस्थित नागरिकों ने खुलकर अपने विचार एवं सुझाव साझा किए तथा पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नागरिकों ने पुलिस को सहयोग का भरोसा दिलाया।
पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) ने कहा कि इस प्रकार के जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से पुलिस और जनता के बीच दूरी कम होती है तथा सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा मिलता है। भविष्य में भी जिले में इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।





