‘‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’’ अभियान का गरिमामय समापन

महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक कैंट श्री अशोक रोहाणी, डीआईजी श्री अतुल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में हुआ समापन

मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा 15 से 30 जुलाई 2026 तक चलाए गए पंद्रह दिवसीय ‘‘नशे से दूरी, है जरूरी 2.0’’ जन-जागरूकता अभियान का समापन भंवरताल स्थित संस्कृति भवन में गरिमामय समारोह के साथ हुआ।

समारोह में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक कैंट श्री अशोक रोहाणी, पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज श्री अतुल सिंह, पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय, डॉ. ऋचा शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, शिक्षक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

अभियान की प्रमुख उपलब्धियां

👉 जिले के स्कूल-कॉलेजों, कोचिंग संस्थानों, खेल मैदानों, बाजारों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सार्वजनिक स्थलों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

👉 संवाद, विचार गोष्ठी, रैली, मैराथन, नुक्कड़ नाटक, शॉर्ट फिल्म, पोस्टर-पंपलेट, निबंध, चित्रकला एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से दो लाख से अधिक नागरिकों तक नशे से दूर रहने का संदेश पहुंचाया गया।

👉 अभियान से संबंधित पोस्टों को जबलपुर पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगभग 18 लाख व्यूज प्राप्त हुए।

👉 अभियान में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संस्थाओं एवं अन्य प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

‘‘डिजिटल प्रहरी’’ क्यूआर कोड जारी

पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय द्वारा नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए ‘‘डिजिटल प्रहरी’’ क्यूआर कोड जारी किया गया।

इस क्यूआर कोड के माध्यम से नागरिक नशे के सौदागरों, अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण अथवा तस्करी की सूचना सीधे पुलिस अधीक्षक जबलपुर तक पहुंचा सकेंगे। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी तथा उपयोगी सूचना देने वाले को पुरस्कृत भी किया जाएगा।

समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि अभियान केवल 15 दिनों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज और पुलिस की संयुक्त सहभागिता से नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई तथा जन-जागरूकता निरंतर जारी रहेगी।

पुलिस अधीक्षक जबलपुर ने संस्कारधानीवासियों से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार की जानकारी बिना किसी भय या संकोच के ‘‘डिजिटल प्रहरी’’ क्यूआर कोड के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाएं। आपकी एक गोपनीय सूचना अनेक युवाओं का भविष्य सुरक्षित कर सकती है।

keyboard_arrow_up
Skip to content