आगामी दुर्गाेत्सव पर्व को लेकर कलेक्टर जबलपुर एवं पुलिस अधीक्षक जबलपुर ने दुर्गा उत्सव समिति आयोजकों की कंट्रोल रूम में ली बैठक,

*शांति, सुरक्षा एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने के दिए आवश्यक निर्देश*
आगामी दुर्गाेत्सव पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 07-10-26 को शाम 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम जबलपुर में कलेक्टर जबलपुर श्री राघवेंद्र सिंह (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा संयुक्त रूप से दुर्गा उत्सव समितियों आयोजकों की बैठक ली गई, बैठक में ए.डी.एम. श्री रविशंकर राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री आयुष जाखड़ (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध श्री जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 4 सुश्री अंजना तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अखिलेश तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन 2 सुश्री पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री बीएस गोठरिया, नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर श्री शुभम सिंह ठाकुर (भा.पु.से.) नगर पुलिस अधीक्षक बरगी श्री अंजुल अयंक मिश्रा, नगर पुलिस अधीक्षक अधारताल सुश्री राजेश्वरी कौरव, नगर पुलिस अधीक्षक गढ़ा श्री आशीष जैन, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री अखिलेश गौर, नगर पुलिस अधीक्षक रांझी श्री सतीश कुमार साहू, एसडीओपी सिहोरा सुश्री मोहन्ती मरावी , डीएसपी ट्राफिक श्री संतोष शुक्ला, बैजनाथ प्रजापति सहित राजपत्रित अधिकारीउपस्थित रहे।
बैठक में शहर में स्थापित होने वाले दुर्गा पंडालों, श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग, प्रतिमा विसर्जन, जुलूस एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने दुर्गा उत्सव समितियों के आयोजकों से कहा कि दुर्गाेत्सव आस्था, श्रद्धा एवं सामाजिक सौहार्द का पर्व है। सभी समितियां प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से संपन्न कराने में सहयोग करें।
🔷 पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में आयोजकों को दुर्गा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था रखने, विद्युत वायरिंग एवं कनेक्शन में सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा अग्नि एवं अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए। पंडालों में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने के लिए भी कहा गया।
द्वव अधिकारियों द्वारा बैठक में निम्नांकित बिन्दुओं पर निर्देश दिये-
🔷 यातायात एवं जुलूस व्यवस्था पर विशेष जोर
दुर्गा प्रतिमा स्थापना एवं विसर्जन के दौरान निकलने वाले जुलूस के संबंध में आयोजकों को निर्देशित किया गया कि निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करें तथा यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखें। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था अथवा विवाद की स्थिति निर्मित न हो, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखने की बात कही गई।
🔷 निर्धारित ध्वनि सीमा एवं समय का पालन करें
आयोजकों को डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों, समय एवं ध्वनि सीमा के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए। साथ ही धार्मिक आयोजन की आड़ में किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक गतिविधि अथवा अशांति फैलाने वाले कृत्य से दूर रहने के लिए कहा गया।
🔷 सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने आयोजकों से अपील की कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं अपुष्ट सूचनाओं पर ध्यान न दें और न ही ऐसी किसी सामग्री को आगे प्रसारित करें। किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय ने कहा कि जबलपुर में दुर्गाेत्सव पर्व शांति, भाईचारे एवं आपसी सौहार्द के साथ संपन्न हो, इसके लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस द्वारा आवश्यक सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने सभी दुर्गा उत्सव समितियों से प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
दुर्गा उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रशासन एवं पुलिस द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पर्व के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।





