‘नशे से दूरी, है जरूरी’’ पंद्रह दिवसीय नशा मुक्ति अभियान का अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक जबलपुर जोन जबलपुर श्री प्रमोद वर्मा द्वारा पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज जबलपुर श्री अतुल सिंह तथा कलेक्टर जबलपुर श्री राघवेन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय की उपस्थिति में किया गया शुभारंभ

*नशा मुक्ति अभियान के शुभारंभ पर जबलपुर जिले को नशामुक्त करने की सभी ने ली शपथ*
*नशा मुक्ति अभियान के तहत स्कूलों में छात्र-छात्राओं को किया गया जागरूक*
*अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री प्रमोद वर्मा द्वारा हरी झण्डी दिखाकर जागरूकता रैली को किया गया रवाना*
*’‘नशे से दूरी, है जरूरी’’ नशा मुक्ति जनजागरण अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों जैसे शैक्षणिक संस्थानों में संवाद एवं विचार गोष्ठियां, हाट-बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-पंपलेट के माध्यम से जागरूकता, जनसंवाद एवं रैली का किया जायेगा आयोजन, दिलायी जायेगी शपथ*
मध्यप्रदेश शासन माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं पुलिस महानिदेशक मध्य प्रदेश श्री कैलाश मकवाना (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार सम्पूर्ण प्रदेश में 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक ’’नशे से दूरी, है जरूरी’’ शीर्षक से नशा मुक्ति जनजागरण अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य समाज को नशीले पदार्थों की बुराइयों से अवगत कराना तथा युवाओं को जागरूक करते हुए मध्यप्रदेश को नशा मुक्त बनाना है।
इसी तारतम्य में जबलपुर जिले में अभियान का शुभारंभ भंवरताल स्थित संस्कृति भवन परिसर से अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन जबलपुर श्री प्रमोद वर्मा (भा.पु.से.), द्वारा पुलिस उप महानिरीक्षक जबलपुर रेंज जबलपुर श्री अतुल सिंह (भा.पु.से.) तथा जबलपुर कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर समाज सेवी व वरिष्ठ चिकित्सक डॉ जितेंद्र जामदार, ब्रह्मकुमारी वर्षा बहन, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की डॉ. ऋचा शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड(भा.पु.से.), ़, श्रीमति अनु बेनिवाल(भा.पु.से.),, जितेंद्र सिंह, मंचासीन रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक/पुलिस महानिरीक्षक जबलपुर जोन जबलपुर श्री प्रमोद वर्मा (भा.पु.से.) ने कहा कि पिछले वर्ष का नशा मुक्ति अभियान जन-सहयोग से अत्यंत सफल रहा और इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए। नशा केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र को प्रभावित करता है। आपने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र की रीढ़ होती है। यदि यही शक्ति नशे की गिरफ्त में आ जाए, तो यह केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि राष्ट्रीय क्षति है। ऐसे में परिजनों, शिक्षकों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है कि वे सतत मार्गदर्शन और संवाद के माध्यम से युवाओं को इस अंधकार से दूर रखें।
समाज मे जितनी भी बुराईयॉ है सबकी जड़ नशा है, जबलपुर पुलिस प्रयासरत है कि ज्यादा से ज्यादा लोग जागरूक हो तथा इस अभियान की जानकारी, जन जन तक पहुचाई जाये।
खेल, प्रकृति से जुड़ाव और रचनात्मक कार्यों के लिए आदत बनाएं, नशा की नहीं, क्योंकि नशा नाश का कारण होता है। उन्होंने हेल्पलाइन नंबरों 14446 (परामर्श), 14441 (सुसाइड प्रिवेंशन) और 1933 (मानस हेल्पलाइन) की जानकारी देते हुए कहा कि अगले 3 वर्षों में भारत को नशा मुक्त बनाने के संकल्प में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
डीआईजी श्री अतुल सिंह ने कहा कि युवा सकारात्मक गतिविधियों में भाग लें, खेल, गायन या करियर बनाने का जुनून अपनाएं। नशा व्यक्ति, परिवार और समाज को बर्बाद करता है। आपने युवाओं का आह्वान किया कि यदि आसपास कहीं भी नशे का सिंडिकेट या अवैध गतिविधि दिखे, तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक ऐसा सामाजिक अभिशाप है जिससे कोई भी समाज स्वस्थ प्रगति करने में असफल रहता है। प्रायः हम देखते हैं कि जिस भी घर में एक व्यक्ति भी अगर नशे का आदी निकल गया तो घर की तरक्की रुक जाती है। साथ ही कहीं न कहीं बच्चों की पढ़ाई-लिखाई, परिवार का स्वास्थ्य, परिवार की देखरेख और परिवार की वित्तीय स्थिति इन सभी पर बहुत ही बड़ा प्रभाव पड़ता है और इस कुप्रभाव के कारण वह परिवार अपने उस पोटेंशियल को हासिल नहीं कर पाता, जिस पोटेंशियल को हासिल कर सकता था। आपने आगे कहा कि यह अभियान अभी चलाया जा रहा है, उसके माध्यम से अगले 15 दिनों तक विस्तृत कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसमें बच्चों, वयस्कों और सभी को इस विषय में जागरूक किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय ने कहा कि नशा व्यक्ति की सोचने-समझने की क्षमता को खत्म कर उसे खोखला कर देता है। पुलिस का उद्देश्य केवल सुरक्षा करना नहीं, बल्कि समाज को नशा मुक्त बनाना भी है। आपने आम जनता से आग्रह किया कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।
जबलपुर पुलिस प्रयासरत है कि जिले में किसी भी रूप में नशीले पदार्थों की आपूर्ति और सेवन पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जाए, विशेष रूप से सिंथेटिक ड्रग्स के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जा रही है।
आपने बताया कि ’’नशे से दूरी, है जरूरी’’ नशा मुक्ति जनजागरण अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें-शैक्षणिक संस्थानों में संवाद एवं विचार गोष्ठियां, हाट-बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर नुक्कड़ नाटक, पोस्टर-पंपलेट के माध्यम से जागरूकता, जनसंवाद एवं रैली का आयोजन किया जाएगा।
‘‘नशे से दूरी, है जरूरी’’ केवल एक नारा नहीं, बल्कि जबलपुर पुलिस का जनसंपर्क एवं जनसहभागिता के माध्यम से समाज निर्माण की दिशा में प्रयास है।
आपने कहा कि नशे के खिलाफ जनजागरण के इस अभियान में जो भी सह भागिता कर रहे है वे बधाई के पात्र है।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अपील संदेश का प्रसारण भी किया गया। कार्यक्रम में नवज्योति नशामुक्ति केन्द्र अवधपुरी के कलाकारों द्वारा संजय पांडे के निर्देशन में नशामुक्ति को लेकर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी गई।
शुभारंभ के अवसर पर समस्त राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी शहर/देहात, मीडिया बंधू तथा स्टाफ एवं छात्र छात्राएं, एनसीसी, एनएसएस स्टाफ, गणमान्य नागरिक तथा पुलिस बल के सदस्यगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आईजी श्री प्रमोद वर्मा ने सभी को नशामुक्त समाज के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान सभी ने शपथ लेते हुये कहा कि ‘‘ मै न केवल समुदाय, परिवार, मित्र, बल्की स्वयं को भी नशा मुक्त करवाउंगा, क्योंकि बदलाव की शुरूवात अपने आप से ही होनी चाहिये। हम सब मिलकर अपने जिले जबलपुर को नशा मुक्त बनाने का दृढ निश्चय करें।
सभी ने शपथ लेते हुये कहा कि अपने जबलपुर को नशा मुक्त करने में अपनी क्षमता अनुसार हर सम्भव प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान नुक्कड नाटक का भी आयोजन किया गया।
कार्यक्रम उपरांत पोस्टर-पंपलेट के माध्यम से जागरूकता, हेतु एक रैली का आयोजन किया गया। आईजी श्री प्रमोद वर्मा (भा.पु.से.),, श्री डीआईजी अतुल सिंह(भा.पु.से.),, कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह(भा.प्र.से.), और पुलिस अधीक्षक श्री संपत उपाध्याय (भा.पु.से.), ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया। जागरूकता रैली में पुलिस अधिकारी/कर्मचारी, छात्र, छात्रायें उपस्थित रहे। यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी, जिसके माध्यम से आमजन को नशे से दूर रहने और इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया।





