“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा एवं वाहन रैली का आयोजन
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता फैलाने और राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह व उल्लास के साथ मनाने के उद्देश्य से आज दिनांक 13 अगस्त 2025 को एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
इस यात्रा का नेतृत्व कलेक्टर जबलपुर श्री दीपक कुमार सक्सेना (भा.प्र.से.) एवं पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) द्वारा किया गया। यात्रा पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः पुलिस लाइन में समाप्त हुई।
इस तिरंगा यात्रा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री आनंद कलादगी (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री सूर्यकांत शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्री जितेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर, जिला पुलिस बल, एनसीसी (आर्मी एवं नेवी विंग), स्काउट-गाइड्स एवं विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएँ सम्मिलित हुए।
इसके अतिरिक्त, आज दोपहर 2:30 बजे पुलिस अधीक्षक श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री सूर्यकांत शर्मा के नेतृत्व में एक विशाल वाहन रैली भी निकाली गई। रैली में रक्षित निरीक्षक श्री जय प्रकाश आर्य, जिला पुलिस बल, यातायात एवं एसटीएफ के अधिकारी-कर्मचारी सम्मिलित रहे।
चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों में “आजादी के रंग, खाकी के संग”, “हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता” और “स्वतंत्रता का उत्सव – स्वच्छता के संग” जैसे प्रेरणादायक नारों वाले बैनर लगाए गए थे, और देशभक्ति गीतों के माध्यम से वातावरण को भावविभोर किया गया। वाहन सवारों ने हाथों में तिरंगा लहराते हुए नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक किया।
यात्रा मार्ग:
तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर हाईकोर्ट चौराहा, पुल नं. 2, कैरब्ज तिराहा, एम्पायर तिराहा, पेंटीनाका, सदर मेन रोड, बिरमां पेट्रोल पंप, कटंगा क्रॉसिंग, गोरखपुर मार्केट, छोटी लाइन, शास्त्री ब्रिज, ब्लूम चौक, तीन पत्ती चौक, नौदरा चौक, तैय्यब अली चौक, घंटाघर होते हुए पुनः पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में संपन्न हुई।